वीरेंद्र सचदेवा ने यह भी कहा कि इनका साथ छोड़ने वालों में अन्ना हजारे से शुरू हुई फेहरिस्त अब आठ विधायकों तक पहुंच चुकी है। हर वह आदमी जो दिल्ली में विकास चाहता है, वह इनके साथ रह ही नहीं सकता क्योंकि केजरीवाल का मतलब है, भ्रष्टाचार, चोरी, लूट व कमीशन। जिन लोगों ने पार्टी छोड़ी, यह उनका निजी निर्णय रहा, लेकिन हर वह व्यक्ति पार्टी छोड़ेगा जो दिल्ली को विकसित देखना चाहता है। पार्टी छोड़ने वाले समझ चुके हैं कि केजरीवाल ने ना केवल दिल्ली की जनता, बल्कि उन्हें भी धोखा दिया है। सिलसिला यहां थमने वाला नहीं है और यह क्रम जारी रहेगा।
आप के सात विधायकों का इस्तीफा केजरीवाल की हार के संकेत : देवेन्द्र यादव
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी के आठ विधायकों के इस्तीफे से उसमें आंतरिक कलह और भ्रष्टाचार उजागर हो गया है। दरअसल इन विधायकों ने पार्टी के भीतर व्याप्त भ्रष्टाचार के लिए सीधे अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया है।
यादव ने दावा किया कि आगामी पांच फरवरी के चुनाव में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, आतिशी सहित आप के प्रमुख नेता हार का सामना करेंगे। पिछले कुछ महीनों में आप के कई नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोड़ चुके हैं, जिससे संकेत मिलता है कि आठ फरवरी को चुनाव परिणामों के बाद पार्टी का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। यादव ने आप सरकार पर विभिन्न घोटालों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शराब घोटाला, शीश महल में करोड़ों का घोटाला, डीटीसी, दिल्ली जल बोर्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, यमुना और प्रदूषण के नाम पर करोड़ों का घोटाला हुआ हैं। इन घोटालों को अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर अंजाम दिया गया और सीएजी की 14 रिपोर्ट्स को सदन में प्रस्तुत नहीं किया गया।