दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से अभी तक किसी बड़े नेता की रैली या जनसभा नहीं हुई है, लेकिन अब गांधी परिवार के नेताओं की रैलियों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। देर से ही सही कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रचार में एंट्री हो रही है। अगले कुछ दिनों में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली में रैलियों को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पांच फरवरी को दिल्ली में जनसभा करेंगी। वह शास्त्री पार्क इलाके में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसी तरह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तीन और चार फरवरी को दिल्ली में चुनाव रैली करेंगे।
बता दें कि चुनाव प्रचार में बड़े नेताओं के न जुटने से कांग्रेस लगातार पिछड़ती जा रही है। प्रचार में उसके नेता और उम्मीदवार कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। न ही मीडिया में उनकी कोई चर्चा हो रही है। ऐसे में इन तीनों नेताओं के प्रचार में उतरने से उम्मीदवारों का हौसला बुलंद हो सकता है।