दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020: अरविंद केजरीवाल
- फोटो : Social Media
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, पार्टियां माहौल के हिसाब से अपनी रणनीति बदल रही है। इसी बीच आम आदमी पार्टी ने अपने अभियान का नारा बदल दिया है। उन्होंने इस बार चुनाव प्रचार की शुरूआत 'अच्छे बीते 5 साल, लगे रहो केजरीवाल' के नारे के साथ की थी, जबकि अब नारे को बदल कर 'अच्छे होंगे 5 साल, दिल्ली में तो केजरीवाल' कर दिया गया है।
बता दें कि नए अभियान के तहत आप ने दिल्ली में लगे सारे पोस्टरों और बैनरों को भी बदलना शुरू कर दिया है। नए पोस्टरों के माध्यम से अरविंद केजरीवाल की दिल्ली के बड़े बेटे वाली छवि का प्रचार किया गया है। नई रणनीति के मुताबिक अब चुनाव तक आम आदमी पार्टी इसी नारे के साथ प्रचार जारी रखेगी।
बता दें कि इससे पहले आम आदमी पार्टी ने ‘केजरीवाल आपके द्वार’ नाम से एक और अभियान शुरू किया है, जिसके तहत एक वेबसाइट और नंबर जारी किया गया है। वहीं 'मेरा वोट काम को, सीधे केजरीवाल को' अभियान भी चल रहा है, जिसके जरिए पार्टी की कोशिश है कि इस बार दिल्ली की जनता पिछले पांच साल के कामों के आधार पर वोट दे।