दिल्ली चुनाव के दौरान अपने विवादित बयान के कारण चर्चा में आए भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा को धमकी भरा कॉल आया है। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने एक विदेशी मोबाइल नंबर का स्क्रीन शॉट शेयर करते हुए लिखा कि आज सुबह मुझे रवांडा से एक धमकी भरा कॉल आया। इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराऊंगा।
मालूम हो कि पिछले कुछ दिनों से प्रवेश वर्मा लगातार विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहे हैं। आज उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी आतंकवादी कह डाला। वहीं ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के टैक्स के पैसों से अरविंद केजरीवाल ने मस्जिदों के इमामों को मालामाल किया है।
शाहीन बाग पर विवादित बयान
इससे पहले उन्होंने शाहीन बाग को लेकर कहा था कि वहां लाखों लोग इकट्ठा हो जाते हैं। दिल्ली के लोगों को इसके बारे में सोच समझकर फैसला लेना होगा। वो लोग आपके घरों में घुसकर आपकी बहन बेटियों के साथ दुष्कर्म करेंगे, उन्हें मार डालेंगे। अभी समय है, मोदी जी और अमित शाह कल आपको बचाने नहीं आएंगे।
आज अगर दिल्ली के लोग जाग जाएंगे तो अच्छा रहेगा। लोग आज सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और तब तक करेंगे जब तक मोदी जी प्रधानमंत्री हैं। अगर कोई और प्रधानमंत्री बन जाएगा तो कोई आपको बचाने नहीं आएगा। वहीं, उन्होंने दिल्ली के सरकारी स्कूलों की एक वीडियो भी उन्होंने बनाई है, जिसमें स्कूलों की हालत बेहद बुरी दिखाई गई है। इसके खिलाफ आज दोपहर को आप के वरिष्ठ नेता चुनाव आयोग को ज्ञापन भी सौंपेंगे।