दिल्ली की हवा में देखा गया सुधार
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली एनसीआर में रविवार शाम को हुई बारिश के बाद हवा में जबरदस्त सुधार देखने को मिला है। सोमवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक सभी केंद्रों पर 200 से नीचे दर्ज किया गया।
हवा में सुधार के कारण दिल्ली और आसपास के लिए इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिली है। लोगों का कहना है कि बहुत दिनों के बाद उन्हें आंखों में होने वाली जलन व सांस लेने में हो रही परेशानी से निजात मिली है।
दिल्ली में विजिबिलिटी भी पहले के मुकाबले ठीक हो गई है। मालूम हो कि तमाम प्रतिबंधों के बावजूद दिवाली के दिन दिल्ली के कई इलाकों में जमकर आतिशबाजी की गई थी। इसके बाद दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब से गंभीर की श्रेणी में पहुंच गया था।
मौसम विज्ञान विभाग ने कल सुबह ही संभावना जताई थी कि शाम में हल्की बारिश के बाद प्रदूषण स्तर घट सकता है। फिलहाल हवा साफ होने से लोगों को काफी राहत मिली है, लेकिन ऐसा कब तक रहता है यह सोचने वाली बात है। ठंड के मौसम में दिल्ली में प्रदूषण का बढ़ना और लोगों का परेशान होना आम बात हो गई है।