हॉटस्पॉट द्वारका का शाहजहांबाद अपार्टमेंट
- फोटो : अमर उजाला
द्वारका के सेक्टर-11 के हॉटस्पॉट शाहजहांबाद अपार्टमेंट के बाहर पुलिस, प्रशासन और डॉक्टरों की टीम पूरी मुस्तैदी से जुटी दिखीं। शिफ्टों में तैनात कर्मियों की नजर हॉटस्पॉट के इर्द-गिर्द की तमाम गतिविधियों पर निगाहें टिकी हैं ताकि ई चूक न रह जाए। हॉटस्पॉट को सील करने के बाद से अब तक किसी भी व्यक्ति को न तो अंदर और न ही बाहर निकलने की इजाजत है। मंगलवार को रोजमर्रा के जरूरी उत्पादों को पहुंचाने आए कर्मियों से गेट पर ही सामान लेकर फ्लैटों पर सिक्योरिटी गार्ड पहुंचा रहे हैं।
सर्विस रोड पर बैरिकेडिंग
अपार्टमेंट के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी है ताकि सर्विस रोड पर भी कोई प्रवेश न कर सके। गेट तक केवल खाने पीने का सामान और दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं। अपार्टमेंट में रहने वालों की तरफ से सभी विभागों की टीम को पूरा सहयोग मिल रहा है। सफाई के लिए पहुंचे कर्मियों ने एक जगह कूड़ा इकट्ठा कर दिया है ताकि एमसीडी की गाड़ी में इसे ले जाया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीम रोज ले रही जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम अपार्टमेंट में रहने वालों पर नजरें रख रही हैं। सर्विलांस टीम रोज 50 घरों के सदस्यों की सेहत के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। दोपहर बाद तक किसी भी व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं। बावजूद इसकी मेडिकल टीम तैयारियों के साथ मुस्तैद है।
जरूरी काम से ही कुछ लोग निकले सड़कों पर
लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ाए जाने के बाद भी सड़कों पर इक्का दुक्का लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले नजर आए। द्वारका के सेक्टर-6, 11, 12 और सेक्टर-पांच, दो की सड़कों पर भी आवश्यक सेवाएं मुहैया करवाने के लिए कुछ वाहन दिखे। खास बात यह है कि सभी के चेहरे पर मास्क थे तो हालात से निपटने के लिए सभी तरह के एहतियात भी बरते जा रहे हैं।