दिल्ली के केशवपुरम इलाके में मंगलवार सुबह जर्जर दो मंजिला इमारत को गिराने के दौरान ऊपर की मंजिल अचानक भरभराकर गिर गई। नीचे काम कर रहा एक मजदूर मलबे में दब गया जबकि वहां काम कर रहे तीन अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों ने बुरी तरह घायल हो चुके मजदूर को मलबे से बाहर निकाल कर बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इमारत तुड़वा रहे मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
मरने वाले मजदूर की शिनाख्त गांव भीकनपुर, अलीगढ़, यूपी निवासी विरेंद्र(22) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
सोमवार सुबह 10.38 बजे पुलिस व दमकल विभाग को सूचना मिली कि विश्राम नगर, त्रिनगर में एक इमारत ढह गया है और उसके मलबे के नीचे एक व्यक्ति दबा हुआ है। सूचना मिलती ही पुलिस व दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने मलबे के नीचे से मजदूर को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जांच में पता चला कि दो मंजिला इमारत 50-60 साल पुरानी थी। चार साल पहले मकान मालिक यहां से चला गया था। अब मालिक इस इमारत को तुड़वा रहा था। ताकि दोबारा से नयी इमारत बनायी जा सके। उसने ठेकेदार सियाराम को इमारत को तोडने का ठेका दिया था।
सियाराम अपने चार मजदूरों को लेकर इमारत को तुड़वा रहा था। इसी दौरान उपर की मंजिल के सामने की दीवार अचानक भरभराकर नीचे गिर गयी और विरेंद्र उसके मलबे के नीचे दब गया। जबकि तीन अन्य मजदूर वहां से भाग खड़े हुए।
पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद इमारत के मालिक रमेश कुमार वर्मा और ठेकेदार सियाराम के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।