जीबी पंत इंजनीयरिंग कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर जारी छात्रों का धरना आज समाप्त हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और जीबी पंत कॉलेज के छात्र बीते नौ दिन से धरने पर थे। मंगलवार को उपराज्यपाल से मुलाकात के बाद उनसे मिले आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त करने का फैसला किया।
मंगलवार को उपराज्यपाल ने आंदोलनरत छात्रों के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से भेंट की। लगभग 20 मिनट तक चली इस बातचीत में उन्होंने ने सभी विषयों को समझते हुए छात्रों के पक्ष को सुना। एबीवीपी के अनुसार उपराज्यपाल ने इस विषय पर दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से बात करने तथा दिल्ली के शिक्षा सचिव को उपयुक्त निर्देश देने का आश्वासन भी दिया।
छात्र मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर बीती 2 नवंबर से धरने पर थे। छात्रों ने कहा धरना अभी समाप्त किया जा रहा है लेकिन वह आने वाले घटनाक्रम पर करीबी से नजर रखेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी मांगों पर शीघ्र क्रियान्वयन हो। इसके मुताबिक ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
एबीवीपी दिल्ली के प्रदेश मंत्री सिद्धार्थ यादव ने कहा, इस आंदोलन में छात्रों द्वारा दिखाई गई हिम्मत एक मिसाल है। हम उपराज्यपाल के आश्वासन पर अपना धरना समाप्त कर रहे हैं लेकिन हमारी मांगें माने जाने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।