अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे देश के अंदर आज इतने सारे बच्चे हैं, उनको अच्छी शिक्षा नहीं मिलती है। वह गरीबों के बच्चे हैं। पूरे देश के अंदर कई ऐसे सरकारी स्कूल हैं, जो बहुत खराब हैं। कई ऐसे सरकारी स्कूल हैं, जो बिल्कुल खंडहर बने पड़े हैं। दिल्ली में भी पहले यही हाल था। हमने दिल्ली में सभी सरकारी स्कूल अच्छे और शानदार कर दिए। अगर दिल्ली में सरकारी स्कूल अच्छे और शानदार हो सकते हैं, तो पूरे देश में भी हो सकता है।
दिल्ली के सरकारी अस्पतालों को शानदार कर दिया
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे देश के एक-एक इंसान को, एक-एक भारतवासी को अच्छे से अच्छा इलाज मिलना चाहिए। हमने दिल्ली के सरकारी अस्पतालों को तो बहुत अच्छे कर दिए। बाकी देश भर में जो सरकारी अस्पताल हैं, उनमें इलाज के नाम पर कुछ नहीं मिलता है। हमें ऐसी व्यवस्था कायम करनी है कि देश के हर गरीब-अमीर आदमी को अच्छे से अच्छा इलाज मिलना चाहिए।
हमारा देश परिवारवाद और दोस्तवाद की वजह से पीछे रह गया
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश परिवारवाद और दोस्तवाद की वजह से पीछे रह गया। देश में एक पार्टी (कांग्रेस) ऐसी है, जिसने केवल और केवल एक परिवार के लिए काम किया। सारा सरकारी पैसा केवल एक परिवार के लिए लुटा दिया। दूसरी पार्टी (भाजपा) ऐसी है, जिसने केवल अपने दोस्तों के लिए काम किया। सारा पैसा अपने दोस्तों के लिए लुटा दिया।
केजरीवाल सरकार ने पूरी दिल्ली में 500 विशाल तिरंगे लगाने का लक्ष्य किया पूरा
दिल्ली विधानसभा में वर्ष 2021-22 का बजट पेश करने के दौरान दिल्ली सरकार ने यह योजना बनाई थी कि हमारी पहचान का सबसे बड़ा प्रतीक राष्ट्रध्वज पूरी दिल्ली में 500 स्थानों पर स्थापित किया जाए। पूरे शहर को इस तरह से सजाया जाए कि हर एक-दो किलोमीटर की दूरी पर हमारा राष्ट्रीय ध्वज लहराता हुआ दिखाई दे। दिल्ली सरकार ने इस परियोजना के लिए 104 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। तिरंगे लगाने का कार्यक्रम नवंबर 2021 में शुरू किया गया। इसमें से 480 राष्ट्रीय ध्वज 115 फीट ऊंचे हैं। मंगलवार मुख्यमंत्री ने जो तिरंगा फहराया गया है, वो 166 फुट ऊंचाई का है।
स्थापित राष्ट्रीय ध्वज को ऊपर उठाने और नीचे करने के लिए तकनीक का प्रयोग किया गया है। 115 फुट और 166 फीट ऊंचे ध्वज स्तंभों पर राष्ट्रध्वज का आकार क्रमश: 24*36 फीट और 40*60 फीट है। इसका वजन क्रमश: 13 किलोग्राम और 36 किलोग्राम है। इसके रखरखाव के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर तिरंगा सम्मान समिति का गठन किया गया है। यह समिति प्रत्येक राष्ट्रीय ध्वज की नजदीक से देखभाल करेगी और किसी तिरंगे के रखरखाव की समस्या के लिए पीडब्ल्यूडी को सूचित करती रहेगी।
'कोरोना के मामले बहुत ही माइल्ड हैं, किसी को घबराने की जरूरत नहीं'
अरविंद केजरीवाल ने कोविड-19 के बढ़ते मामले पर कहा कि कोविड-19 जो बढ़ रहा है, हम उस पर नजर रखे हुए हैं। अगर कोई भी कदम उठाने की जरूरत पड़ेगी, हम उठाएंगे। लेकिन मामले बहुत ही माइल्ड हैं। कोरोना ग्रसित लोगों को मामूली सा बुखार है। इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।