रात में ऑटो चालक बनकर सवारियों से डीएनडी या एनएच9 पर ले जाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश सवारी को ऑटो में बिठाने के बाद किसी सुनसान जगह पर लूटपाट कर फरार हो जाते। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुजीत मिश्रा, रवि, जितेंद्र कुमार और फरीदाबाद निवासी राहुल उर्फ बॉबी के तौर पर हुई है। इनके पास से दो मोबाइल, पर्स, नकदी और ऑटो बरामद हुआ है।
डीसीपी साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक आरपी मीणा ने बताया 3 सितंबर की देर रात पुलिस पीआरवी जिप्सी से डीएनडी रोड पर गश्त कर रही थी। तीन लोग पुलिस को सड़क पर खड़े मिले। अनिल, सोनू और अवधेश ने पुलिस को बताया वे आगरा के रहने वाले हैं। ट्रक से दिल्ली काम की तलाश में आए थे। उन्हें नरेला जाना था, लेकिन ड्राइवर ने आश्रम चौक उतार दिया।
आश्रम चौक के पास एक ऑटो चालक ने उन्हें नरेला छोड़ने के बहाने बिठाया। ऑटो में पहले से कुछ सवारी थी। डीएनडी रोड फ्लाईओवर पहुंचे तो ड्राइवर ने ऑटो रोक लिया। ऑटो सवार चार लोगों ने नीचे उतर और मजदूरों के साथ चाकू के बल पर मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने मजदूरों से मोबाइल व कैश लूट लिया। इसके बाद वे ऑटो से फरार हो गए।
मजदूरों की आपबीती सुनकर पुलिस ने उन्हें गाड़ी में बिठाया और यमुना ब्रिज डीएनडी रोड पर ले गई। डीएनडी पर ऑटो खड़ा देखकर मजदूरों ने उसमें बैठे बदमाशों की पहचान कर ली। पुलिस की गाड़ी देखकर बदमाश ऑटो लेकर फरार होने के चक्कर में थे लेकिन पुलिस ने ऑटो का पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
बस अड्डों के पास से बैठाते थे सवारियां
आरोपी सुजीत ने बताया कि वह अक्सर आईएसबीटी या आनंद विहार बस अड्डे के पास सवारी तलाशते थे। अक्सर वह लोग मजदूर वर्ग को ही अपनी ऑटो में बैठाकर लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। डीएनडी और एनएच 9 रोड पर सवारी को ले जाकर उनसे लूटपाट कर फरार हो जाते थे। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए सभी आरोपी लूट को अंजाम देने के बाद ऑटो का नंबर फर्जी लगा देते थे। आरोपियों ने बताया वे पेशे से ड्राइवर हैं। ऑटो चलाकर जो आय मिलती उससे वे नाखुश थे।