दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के नजफगढ़ जोन में अनूठी पहल के तहत द्वारका के सेक्टर 23 में जरूरतमंद बच्चों के लिए पहला खिलौना बैंक खोला गया है। खिलौना बैंक में कोई भी व्यक्ति खिलौनों को दान भी कर सकता है। दक्षिणी निगम महापौर अनामिका ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के मद्देनजर यह खिलौना बैंक खोला गया है। यहां बच्चे खिलौनों के साथ खेल सकते हैं और अपने घर पर भी ले जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस कदम से बच्चों को खिलौना उपलब्ध कराने के साथ खिलौनों का पुन: प्रयोग भी किया जा सकेगा।अक्सर यह देखा जाता है कि लोग पुराने खिलौनों को कूड़ा समझ कर फेंक देते हैं जिससे पर्यावरण की भी हानि होती है, लेकिन अब खिलौनों को पुन: उपयोग कर बच्चों के प्रयोग में लाया जाएगा।
नजफगढ़ जोन के उपायुक्त राधा कृष्ण ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग में सुधार के लिए किए गए प्रयासों के तहत इस प्रयास को शामिल किया गया है। आगामी दिनों में भी नजफगढ़ जोन में ऐसे 4 और बैंक खोले जाएंगे जहां खिलौने दान किए जा सकते हैं।