एम्स की छत पर मिला युवती का शव
- फोटो : अमर उजाला
कैंसर से पीड़ित मां की मौत के बाद से सदमे में आई गायब युवती का शव एम्स के निजी वार्ड की छत पर मिला है। माना जा रहा है कि युवती ने मां की मौत के सदमे में खुदकुशी कर ली है। हालांकि जब तक पुलिस जांच पूरी न हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता।
जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय मृतका की मां का कैंसर का इलाज दिल्ली के एम्स अस्पताल में चल रहा था। 6 मई को उसकी मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि मां की मौत के बाद जब उसके पिता दस्तावेजों का काम निपटा रहे थे तभी युवती गायब हो गई।
मां की मौत से सदमे में आई युवती 6 मई से गायब चल रही थी। आज यानी 9 मई को युवती का शव एम्स की छत पर मिला। युवती का परिवार मुरादाबाद का रहने वाला है और बेटी के गायब होने की शिकायत उन्होंने सफदरजंग थाने में दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।