कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए राजधानी में पांच गुना ज्यादा जांच की जा रही हैं। चार दिन में ही दो लाख से ज्यादा जांच की गई हैं। इनमें 84 फीसदी एंटीजन प्रणाली से हुई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण के खिलाफ इस जंग में आरटी-पीसीआर जांच की संख्या को भी बढ़ाना होगा।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, चार दिन में 2,33,513 टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 1,95,921 एंटीजन से हुए हैं, जो कुल जांच का 84 फीसदी है। जांच बढ़ने के साथ ही संक्रमितों की संख्या भी बढ़ रही है। चार दिन से रोजाना चार हजार से ज्यादा मामले आ रहे हैं। सरकार का कहना है कि जांच बढ़ने के कारण ही मामले बढ़ रहे हैं। नए मामलों में कुछ दिनों तक और इजाफा होगा। इसके बाद कमी आने लगेगी। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले त्योहारी दिनों में संक्रमण के केस और भी बढ़ सकते हैं।
राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कोविड के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत जैन बताते हैं कि त्योहारों में लोगों का मिलना-जुलना बढ़ेगा। इससे संक्रमण के मामलों में कुछ इजाफा हो सकता है। रिकॉर्ड जांच के विषय में उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा टेस्ट दिल्ली में हो रहे हैं, लेकिन इनमें एंटीजन जांच की संख्या काफी अधिक है। इसके साथ आरटी-पीसीआर जांच भी बढ़ानी होगी। इससे संक्रमितों की पहचान में और सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ज्यादा जांच होने के कारण ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। दूसरा कारण यह भी है कि श्रमिक वापस लौटने लगे हैं। दिल्ली की आबादी में प्रवासियों का बड़ा हिस्सा है। इनमें कई लोग ऐसे भी हैं, जो संक्रमित मिल रहे हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं जो लक्षण होने के बावजूद जांच कराने से कतरा रहे हैं। इनसे अन्य लोगों में संक्रमण फैल रहा है।
9 से 12 सितंबर तक की स्थिति
तारीख एंटीजन आरटी-पीसीआर कुल जांच
09 43416 11101 54517
10 49336 9004 58340
11 52275 8305 60,580
12 50894 9182 60076
कुल 195921 37592 2,33,513
नोट : आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं।