वसंत विहार इलाके में पिता की डांट से नाराज होकर बेटे ने खुदकुशी कर ली। मृतक की शिनाख्त साहिल (17) के रूप में हुई है। साहिल ने बुधवार को ऑनलाइन ब्लूटूथ का ऑर्डर किया था। मोबाइल पर इसका मैसेज मिलने पर पिता ने कॉल कर बेटे को डांट दिया। इससे नाराज होकर बेटे ने अपने स्टडी रूम में जाकर फांसी लगा ली। शाम को परिवार को इसकी खबर हुई तो फौरन कमरे का दरवाजा तोड़कर साहिल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस को साहिल के पास से एक छोटा सा नोट मिला, जिसमें उसने सॉरी मम्मी-पापा लिखा है। वसंत विहार थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद साहिल का शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक साहिल अपने परिवार के साथ बी-8/17, सर्वेंट क्वार्टर, वसंत विहार में रहता था। इसके परिवार में पिता विजयपाल के अलावा मां और दो बहनें हैं। साहिल ने इसी साल 11वीं कक्षा में दाखिला लिया था। पिता डीयू के एक कॉलेज की लाइब्रेरी में नौकरी करते हैं। साहिल के मामा कौशल ने बताया कि बुधवार को साहिल ने ऑन लाइन ब्लूटूथ का ऑर्डर किया था। इसका मैसेज उसके पिता के मोबाइल पर आया तो पिता ने उसे डांट दिया।
इसके बाद गुस्से में साहिल अपने कमरे में चला गया। इधर देर शाम को जब वह अपने कमरे से बाहर नही निकला तो छोटी बहन हिमांशी उसे देखने कमरे में पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। मां को इसकी जानकारी दी गई। कमरे में झांककर देखा तो साहिल के लटके हुए पैर दिखाई दिए। मां ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा गया तो साहिल कमरे में पंखे से फंदे पर लटका था।
बेहद अच्छा कलाकार था साहिल...
साहिल के मामा कौशल ने बताया कि साहिल बेहतरीन स्कैच बनाता था। वह किसी का भी स्कैच चंद मिनटों में तैयार कर देता था। इसके लिए उसने स्कूल के स्तर पर कई ईनाम भी जीते थे।