दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर नोएडा से द्वारका की ओर जा रही ट्रेन का एक दरवाजा अचानक अटकने की वजह से यात्री स्टेशन पर नहीं उतर सके। दरवाजा ना खुलने की वजह से कई यात्री अगले स्टेशन तक पहुंच गए, जहां से उन्हें वापस लौटना पड़ा। वहीं दूसरी ओर यात्रियों ने पीक आवर में ब्लू लाइन पर ट्रेनों के देरी से चलने की शिकायतें भी कीं।
जानकारी के अनुसार ब्लू लाइन पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे मेट्रो ट्रेन नोएडा इलेक्ट्रिनिक सिटी की ओर से द्वारका की ओर जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन जब बाराखंबा मेट्रो स्टेशन पर पहुंची तो तभी मेट्रो कोच का एक दरवाजा नहीं खुला।
दरवाजा ना खुलने की वजह से यात्रियों ने जब डीएमआरसी से इस संबंध में शिकायत की तो डीएमआरसी ने ट्रेन के दरवाजे पर एक स्टीकर लगाकर यात्रियों को दरवाजे का प्रयोग ना करने की सलाह दी। हालांकि इसके बाद भी कुछ स्टेशनों पर यात्रियों को पीक आवर में भीड़ के कारण दरवाजा बंद होने की वजह से परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं दूसरी ओर पीक आवर में ब्लू लाइन पर ट्रेन करीब 8 मिनट के देरी से चली। इस दौरान यात्रियों ने डीएमआरसी से शिकायतें भी की। यात्रियों का कहना था कि पीक आवर में ब्लू लाइन पर अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस परेशानी के निवारण के लिए डीएमआरसी कोई ठोस कदम नहीं उठाती। यात्रियों की शिकायतों के जवाब में डीएमआरसी ने कहा कि तकनीकी कारणों की वजह से ब्लू लाइन पर ट्रेनों का संचालन देरी से हुआ, जो जल्द ही सामान्य हो गया।