देश की राष्ट्रीय राजधानी में इन दिनों में मौत का खेल चल रहा है, लोग तरह-तरह की घटनाओं-दुर्घटओं में जानें गवां रहे हैं।
राजमिस्त्री की चाकू गोदकर हत्या
दिल्ली के विजय विहार में सोमवार दोपहर रुपये के लेनदेन के विवाद में राजमिस्त्री की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मामला दर्जकर पुलिस आरोपी ठेकेदार लालू को तलाश रही है।
पुलिस के अनुसार, राजमिस्त्री संतराम (40) विजय विहार के एक्स-ब्लॉक में रहता था। सोमवार दोपहर उसकी लालू से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान लालू संतराम के पेट में चाकू घोंपकर भाग गया। इलाज के दौरान अस्पताल में संतराम की मौत हो गई।
कार ने युवक को कुचला, मौत
दिल्ली के मंगोलपुरी में मंगलवार सुबह एक सेंट्रो कार ने बाइक सवार चरण सिंह (30) को कुचल दिया। उसे उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चरण घटना के समय बाइक से अपने ऑफिस जा रहा था। पुलिस के अनुसार चालक कार समेत फरार हो गया है। मंगोलपुरी थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सिलेंडर रिसाव से लगी आग, महिला की मौत
दिल्ली के जाफराबाद में सोमवार रात खाना बनाने के दौरान सिलेंडर से गैस रिसाव होने से आग लग गई। हादसे में शाहेदा (40) की झुलसने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक गर्मी के कारण पाइप मुलायम हो गया था, जिसकी वजह से वह निकल गया और आग लग गई।
जाफराबाद थाना पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। शाहेदा परिवार के साथ 10बी/7ए गली नंबर-1, बजरंगबली गली, मौजपुर में रहती थी। उसके परिवार में पति मोहम्मद अबरार और छह बच्चे हैं। सोमवार रात को शाहेदा रसोई में खाना बना रही थी कि अचानक चूल्हे से पाइप निकल गया।
तेजी से गैस रिसाव के चलते पाइप में आग लग गई और शाहेदा उसकी चपेट में आ गई। चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया, तब तक वह 80 फीसदी झुलस चुकी थी। गंभीर हालत में उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रेन के चपेट में आने से युवक जख्मी
दिल्ली के किशनगंज रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात गांव गुड़िया जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश निवासी प्रमोद (22) ट्रेन के चपेट में आने से जख्मी हो गया। हादसे में उसका एक हाथ और पैर कट गया है।
उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि उसके होश में आने के बाद ही घटना के बारे में जानकारी मिल पाएगी। पुलिस ने उसके परिजनों को इसकी जानकारी दे दी है।