दिल्ली की एक अदालत ने 19 वर्षीय युवती को अगवा कर गैंगरेप करने और फिर हत्या करने के जुर्म में तीन युवकों को फांसी की सजा सुनाई है। साल 2012 में लड़की का मृत शरीर हरियाणा के एक गांव में बुरी तरह कटी-फटी हालत में मिला था।
एडीशनल सेशन जज वीरेंद्र भट ने बुधवार को अपने फैसले में कहा कि तीनों आरोपियों राहुल, रवि और विनोद को फांसी दी जाती है।
फैसला सुनने के बाद तीनों दोषियों ने दया की अपील की लेकिन कोर्ट ने उनकी एक नहीं सुनी। कोर्ट का कहना था कि यह केस रेयर ऑफ द रेयरेस्ट की श्रेणी में आता है।
तीनों ने बारी-बारी से किया था रेप
मामले की सुनवाई के वक्त दिल्ली पुलिस ने तीनों आरोपियों को मृत्यदंड देने की मांग की थी जबकि बचाव पक्ष ने कोर्ट से नरमी बरतने और उन्हें सुधरने का मौका देने की अपील की थी।
बीते 13 फरवरी को सुनवाई के दौरान भी कोर्ट ने कहा था कि यह साबित होता है कि तीनों ही आरोपियों लड़की का अपहरण किया और बारी-बारी से उसके साथ अपनी वासना मिटाई और फिर बड़ी ही दयनीयता के साथ उसकी हत्या कर दी।
बता दें कि इन तीनों युवकों को अपहरण, गैंगरेप, अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने और हत्या के आरोप में 9-10 फरवरी की रात को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
खेत में मिली थी लड़की की कटी-फटी लाश
हालांकि कोर्ट ने सबूतों के अभाव में अप्राकृतिक सेक्स के आरोप से तीनों को बरी कर दिया था।
अभियोजन पक्ष के अनुसार गुड़गांव की साइबर सिटी में काम करने वाली लड़की को तीन लड़कों ने 9 फरवरी को कुतुबमीनार के पास स्थित उसके घर के पास से जबरन कार में अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया और फिर हत्या कर दी।
एडीशनल पब्लिक अभियोजक सतविंदर कौर ने अदालत को बताया कि लड़की की कटी-फटी लाश घटना के तीन दिन बाद हरियाणा के रोधाई जिले में एक खेत में मिली थी।
लड़की की आंखों में डाला था तेजाब
उन्होंने कहा कि तीनों आरोपियों ने लड़की की आंख में तेजाब डाला और इतना ही नहीं उसके प्राइवेट पार्ट्स में शराब की टूटी हुई बोतल भी डाल दी थी।
उस एरिया में किराये पर रहने वाले रवि और राहुल दोनों सगे भाई हैं। लड़की ने जब रवि के प्यार को स्वीकर नहीं किया तो दोनों भाइयों ने उससे बदला लेने का प्लान बनाया था।
लड़की को उस समय अगवा किया गया था जब वह तीन अन्य सहकर्मियों के साथ गुड़गांव ऑफिस से वापस लौट रही थी। अभियोजक ने बताया कि तीनों ने जबरन उसे कार में खींच लिया और भाग निकले।