द्वारका साउथ इलाके में सोमवार से लापता मानव संसाधन विकास मंत्रालय में तैनात आईसीएएस (इंडियन सिविल अकाउंटस सर्विसेज) अधिकारी जितेंद्र कुमार झा(40) का शव रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ है।
पुलिस उपायुक्त का दावा है कि जितेंद्र ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। सोमवार से लापता जितेंद्र का शव मंगलवार को पालम के पास रेलवे ट्रैक से ही बरामद हो गया था, लेकिन रेलवे पुलिस व स्थानीय पुलिस में तालमेल नहीं होने के कारण बृहस्पतिवार को शव की पहचान हो सकी।
शुरू में शव की हालत देखकर परिजन पहचान करने से इनकार कर रहे थे, बाद में उन्होंने शिनाख्त की। पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त शिबेश सिंह ने बताया कि 1998 बैच के आईसीएएस अधिकारी जितेंद्र कुमार झा परिवार के साथ द्वारका सेक्टर-9 में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी भावना व दो बच्चे हैं।