ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-142 स्थित सरकारी पार्क में एक महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव फेंका गया है। पुलिस का कहना है कि शव को जानवरों ने नोच लिया है। मृतका की पहचान नहीं हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है।
डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-142 स्थित सरकारी पार्क में महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा था।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, आसपास के लोगों ने आशंका जताई है कि महिला की हत्या कर शव फेंका गया है।
ट्रेन में मिला महिला का शव
बिसरख कोतवाली क्षेत्र में चिपियाना बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के पास लोको वर्कशाप में खड़ी बोगी से भी एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी।
महिला की उम्र 60 वर्ष के आसपास बताई गई है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को बोगी में छुपाया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कौन बना रहा महिलाओं को निशाना
ये पहला मामला नहीं है, जब क्षेत्र से महिला का शव बरामद हुआ और उनकी पहचान नहीं हो सकी। पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। अधिकांश मामलों में महिलाओं की पहचान नहीं होने से मौत के राज अनसुलझे रह गए।
दो माह पहले सूरजपुर वेटलैंड में एक युवती का शव बरामद हुआ था। इससे पहले ओमीक्रान-2 सेक्टर के सामने महिला का लहूलुहान शव सड़क पर पड़ा मिला, वहीं दादरी में भी अज्ञात महिला का शव मिला था।
करीब डेढ़ साल पहले सूरजपुर में ही खाली प्लाट में एक क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद भी यह पता नहीं चला था कि शव महिला का है या पुरुष का।