आवास निवेश योजना के तहत 25 फीसदी छूट पर मिलेंगे एलआईजी फ्लैट, 29 अक्तूबर दोपहर 12 बजे से शुरू होगी बुकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) अपनी आवास निवेश योजना 2026 के तहत नरेला में 1,648 अतिरिक्त एलआईजी फ्लैट उपलब्ध कराएगा। इन फ्लैटों की अनुमानित कीमत 14.95 लाख रुपये रखी गई है। योजना के तहत खरीदारों को कीमत पर 25 फीसदी की छूट मिलेगी। इच्छुक लोग 29 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे। फ्लैटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
डीडीए के अनुसार, दशहरा के अवसर पर शुरू की गई आवास निवेश योजना के तहत पहले उपलब्ध कराए गए फ्लैटों की बुकिंग शुरू होने के महज दो घंटे के भीतर ही पूरी हो गई थी। लोगों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्राधिकरण ने अतिरिक्त फ्लैट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
पॉकेट-1, सेक्टर जी-2 से जी-6 में स्थित हैं फ्लैट
अतिरिक्त फ्लैट नरेला के पॉकेट-1 स्थित सेक्टर जी-2 से जी-6 में हैं। प्रत्येक फ्लैट का अनुमानित निर्मित क्षेत्रफल साझा हिस्सों सहित 49.90 वर्ग मीटर है। इनकी कीमत करीब 14.95 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिस पर योजना के तहत 25 फीसदी की छूट दी जाएगी। प्रत्येक फ्लैट की बुकिंग के लिए एक लाख रुपये जमा कराने होंगे।
पोर्टल पर कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग
इच्छुक आवेदक डीडीए के आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in के माध्यम से बुकिंग कर सकेंगे। पोर्टल पर योजना का नाम ‘डीडीए आवास निवेश योजना 2026’ होगा। जिन आवेदकों ने डीडीए के आवास पोर्टल पर पहले ही पंजीकरण करा लिया है, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। प्राधिकरण ने आवेदकों को फ्लैट बुक करने से पहले योजना की आधिकारिक पुस्तिका में दिए गए नियमों और शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। योजना की अन्य शर्तें पहले जारी पुस्तिका के अनुसार ही लागू रहेंगी।
बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेगी नरेला की अहमियत
डीडीए के अनुसार, नरेला में आवासीय सुविधाओं और परिवहन संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो गलियारे पर प्रस्तावित स्टेशन से भविष्य में आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इसके अलावा, प्रस्तावित क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली (आरआरटीएस) स्टेशन, शहरी विस्तार मार्ग के पहले और दूसरे चरण तथा जीटी करनाल रोड से संपर्क क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद करेंगे। सेक्टर जी-2 से जी-6 में शिक्षा केंद्र विकसित किया जा रहा है, जहां कई विश्वविद्यालयों के लिए जमीन आवंटित की गई है। क्षेत्र में शिक्षा और खेल सुविधाओं के विकास की भी योजना है।
हेल्पलाइन से मिलेगी जानकारी
योजना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए डीडीए ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-110-332 जारी किया है। आवेदक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। प्राधिकरण का कहना है कि योजना का उद्देश्य दिल्ली में लोगों को किफायती दरों पर बेहतर और नियोजित आवास उपलब्ध कराना है।