दिल्ली विकास प्राधिकरण की नई हाउसिंग स्कीम लोगों को पसंद नहीं आ रही है। नई योजना में पंजीकरण राशि जब्त करने व आवासीय फ्लैट में आवेदन के लिए लोन नहीं मिलने के कारण भी लोगों की दिलचस्पी कम है।
इसका अंदाजा डीडीए अधिकारियों को हो चला है। यही वजह है कि डीडीए अब इस योजना की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहा है। इतना ही नहीं, डीडीए अधिकारियों ने आवेदन के लिए लोन देने को लेकर बैठक की है।
पिछले महीने डीडीए आवासीय योजना 2017 की विधिवत घोषणा तत्कालीन केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने की थी। उस वक्त डीडीए का दावा था कि योजना में शामिल फ्लैट को आवंटित करने से पहले सभी तरह की सुविधाओं को विकसित कर लिया जाएगा। लेकिन अभी तक योजना में शामिल फ्लैटों में तथा उसके आस-पास के इलाके में सड़क, पानी, सीवर, लाइट तक का इंतजाम नहीं हो सका है। वहीं, फ्लैट का साइज भी कम है।