डीडीए की सबका घर आवास योजना के तहत बुधवार दोपहर 12 बजे से बुकिंग शुरू होगी जो 30 अप्रैल तक चलेगी। योजना के तहत दिल्ली परिवहन विभाग से परमिट व रजिस्ट्रेशन कराने वाले ऑटो-कैब ड्राइवर, पीएम स्वनिधि योजना से रजिस्टर्ड स्ट्रीट वेंडर्स, हॉकर्स, महिलाएं, युद्ध विधवाएंं, पूर्व सैनिक, गैलेंट्री व अर्जुन अवार्डी, दिव्यांग और अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से संबंधित लोगों के लिए डीडीए सस्ता घर लेकर आया है।
ये सभी नरेला में बनाए गए ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी व एचआईजी फ्लैट 25 फीसदी छूट और सिरसपुर-लोकनायकपुरम में बनाए गए एलआईजी फ्लैट 20 फीसदी छूट पर खरीद सकते हैं।
Delhi : डीडीए की जमीन पर अब अतिक्रमण हुआ तो नपेंगे अधिकारी, एलजी वीके सक्सेना का आदेश- होगी एफआईआर
डीडीए के अधिकारियों ने बताया कि लोकनायकपुरम में बनाए गए एमआईजी फ्लैट बेहद खास हैं। पिछली बार इस योजना के अंतर्गत केवल तीन दिन में 64 घर बिक गए थे। अब तक लोगों ने नरेला, लोकनायकपुरम और सिरसपुर में कुल 3201 घर खरीदे हैं।
झुग्गी-झोपड़ियों के लोगों को आवंटित होंगे 52,000 फ्लैट
सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को घोषणा की कि उनकी सरकार शहर की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को 52,000 फ्लैट आवंटित करने की प्रक्रिया में है। शालीमार बाग में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि झुग्गीवासियों के लिए यह एक नए युग की शुरुआत है, जहां उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर झुग्गी-झोपड़ियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और वादा किया कि भाजपा सरकार इन बस्तियों में आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि करीब 10 साल पहले बने 52,000 फ्लैटों का आवंटन जल्द ही किया जाएगा, जो पिछली आप सरकार और केंद्र सरकार के बीच तालमेल की कमी के कारण अटका हुआ था। ये फ्लैट झुग्गीवासियों के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अन्य लोगों को भी मिलेंगे।
रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि शहर की सभी झुग्गी बस्तियों में पक्की गलियां, नालियां, शौचालय और स्नानघर जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जमीन उपलब्ध हुई तो इन बस्तियों के पास पार्क भी विकसित किए जाएंगे।