डीडीए के अनुसार, इस योजना के तहत मकान से वंचित लोगों के साथ-साथ वे लोग भी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास 67 वर्गमीटर से बड़ा फ्लैट या फिर प्लॉट पहले से उपलब्ध है। दरअसल डीडीए की पिछली चार आवासीय योजनाएं फ्लॉप हो चुकी हैं, क्योंकि पहले डीडीए की योजना केवल मकान नहीं होने वाले लोगों के लिए होती थी। यह पहला अवसर है जब मकान होने के बावजूद लोग फ्लैट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
डीडीए ने कहा कि गरीबों को किफायती दर पर फ्लैट मुहैया कराने के उद्देश्य से वन बेडरूम फ्लैट की कीमत विशेष आवासीय योजना-2021 वाली ही रखी गई है। डीडीए ने दावा किया है कि नरेला के फ्लैट लोगों को आकर्षित करेंगे। दरअसल नरेला में इस समय विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई बड़ी योजनाएं चल रही हैं। यह अधिकतर योजनाएं यहां बनाए गए फ्लैटों के मद्देनजर तैयार की गई हैं।
साइट पर सभी जानकारियां उपलब्ध
डीडीए ने कहा है कि योजना के तहत आवेदन करने वालों के लिए साइट https://eservices.dda.org.in/ पर फॉर्म डाउनलोड कर दिया है। इसके साथ ही फ्लैट का क्षेत्रफल, जगह एवं लागत को साइट पर देखा जा सकता है। इस तरह आवेदक अपनी पसंद का फ्लैट बुक करा सकते हैं। इस आवासीय योजना में शामिल अधिकांश फ्लैट नरेला में उपलब्ध हैं।