राजधानी में आशियाना चाहने वाले देश भर के लोगों का सपना दो दिनों बाद पूरा होने वाला है। सोमवार को डीडीए हाउसिंग स्कीम 2014 में आवेदन करने वाले करीब 11 लाख लोगों में से 25 हजार के भाग्य की लॉटरी निकलने वाली है। डीडीए ने पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए सोमवार को दोपहर 12 बजे डीडीएड्रॉलाइव डॉट इन पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
शुक्रवार को ड्रॉ की अंतिम तिथि का औपचारिक रूप से डीडीए ने ऐलान किया है कि तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से ड्रॉ निकाला जाएगा। ट्रायल रन के बाद ड्रॉ कमेटी की मुहर भी लग गई।
डीडीए उपाध्यक्ष बलविंदर कुमार ने बताया कि 17 नवंबर दोपहर 12 बजे ही सफल आवेदकों की सूची भी डीडीए की वेबसाइट पर डाल दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व न्यायाधीश, आईआईटी इंजीनियर, नेशनल इनफॉर्मेटिक सेंटर व डीडीए के अधिकारियों की मौजूदगी में ड्रॉ प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बता दें कि डीडीए हाउसिंग स्कीम 2014 में 25,034 फ्लैट हैं। इनमें एचआईजी, एमआईजी, एलआईजी, एक्सपेंडेबल फ्लैटों के अलावा ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 700 फ्लैट शामिल हैं।