फिर साबित हुआ भाजपा कथनी-करनी में अंतर : आतिशी
बीते दिनों कालकाजी विधानसभा स्थित भूमिहीन कैंप की झुग्गियों पर बुलडोजर चलाए जाने पर आम आदमी पार्टी ने कड़ा विरोध किया। स्थानीय विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और कहा था कि फिर साबित हुआ कि भाजपा कथनी और करनी में अंतर है। नहीं उजाड़ने की बात करने वाली मुख्यमंत्री ने झुग्गी तुड़वा दी।
आतिशी के अनुसार, सिर्फ 100 दिन में ही भाजपा सरकार ने गरीबों पर तीसरा वार किया। पहले बिजली महंगी की, फिर शिक्षा और अब आशियाने छीन लिए। उन्होंने बताया कि भूमिहीन कैंप मामले में बुधवार सुबह 11 बजे कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन उससे पहले ही सुबह पांच बजे झुग्गियां तोड़ दी गईं।
आप नेता ने कहा कि डीडीए, दिल्ली सरकार और डूसिब ने खुद कोर्ट में खड़े होकर कहा कि गरीबों को घर नहीं दिए जाएंगे। यह साफ दर्शाता है कि भाजपा गरीब विरोधी पार्टी है और जानबूझकर झुग्गीवालों को दिल्ली से खदेड़ना चाहती है। आतिशी ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा दिल्ली से यूपी-बिहार के लोगों को भगाकर वहीं वोट मांगने जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा बिहार में चुनाव जीतना चाहती है और इधर दिल्ली में उन्हीं लोगों के घर तोड़ रही है।
ये भी पढ़ें: Corona Cases: दिल्ली में पैर पसार रहा कोरोना, एक और मरीज की मौत; जानें अब तक कितने हैं एक्टिव केस