दिल्ली महिला आयोग ने पिछले एक साल में 12 हजार से अधिक शिकायतों का निपटारा किया है जबकि पूर्व आयोग अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह के कार्यकाल में महज 35 सौ शिकायतों का ही समाधान हो सका था। यह जानकारी दिल्ली महिला आयोग ने भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी)के नोटिस के जवाब में दिया है।
दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह की शिकायत के आधार पर एसीबी ने आयोग को नोटिस भेजा था। इसी नोटिस के आधार पर दिल्ली महिला आयोग ने पिछले एक साल के कार्यकाल में शिकायतों के समाधान समेत नियुक्तियों संबंधी विस्तार से जानकारी दी है।
आयोग ने अपने जवाब में लिखा है कि उन्होंने महिला संबंधी विभिन्न मामलों पर पचास सुझाव व सिफारिश सरकार को दिए हैं जबकि पूर्व आयोग अध्यक्ष ने आठ साल के कार्यकाल में महज एक सुझाव दिया था।
पिछले छह महीने से आयोग शनिवार को भी खुला रहता है। पूर्व आयोग अध्यक्ष के कार्यकाल में विज्ञापन के बगैर 49 नियुक्तियां की गयी थीं, जोकि आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की पत्नियों को रखा गया था। यही नहीं, सभी शिकायतों का निपटारा आयोग 72 घंटे के तहत कर देता है।