दिल्ली महिला आयोग की प्रेस कांफ्रेंस में मंगलवार को बेहद शर्मनाक स्थित पैदा हो गई। लाइव प्रेस कांप्रेंस में महिला आयोग की अध्यक्ष और उसकी सदस्य आपस में ही लड़ पड़ीं।
दिल्ली की एक महिला की शिकायत के बाद दिल्ली महिला आयोग ने सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास को आयोग के सामने पेश होने का समन जारी किया था।
समन के बावजूद पेश न होने पर महिला आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाई और इस दौरान ही महिला आयोग की सदस्यों के बीच कहा-सुनी और बहस शुरु हो गई।
कांफ्रेंस की शुरूआत दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा बरखा सिंह ने की। उन्होंने मीडिया को बताया कि उन्हें मिली शिकायत में पीड़िता ने लिखा है कि जब वह कुमार विश्वास के घर गई तो उसे धमकी दी गई कि उसका भी वही हश्र होगा जो संतोष कोहली का हुआ।
बरखा सिंह के मुताबिक पीड़िता ने अपनी शिकायत में ये भी कहा कि जब वह विश्वास के घर पहुंची तो उससे ये कहा गया कि ये कोई बड़ी बात नहीं है और इस तरह की महिलाएं तो दिल्ली में 20-20 लाख रुपए में बिकती हैं।
'कुमार विश्वास ने कुछ नहीं किया'
इस दौरान बरखा सिंह के बगल में बैठी महिला आयोग की एक अन्य सदस्या ने अपना नाम जूही खान बताते हुए कहा कि वह दिल्ली महिला आयोग की ही सदस्य हैं।
उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से कुमार विश्वास को जानती हैं। वह एक ईमानदार आदमी हैं और उन्हें लगता है कि विश्वास पर लगाए गए सारे इल्जाम राजनीति से प्रेरित है।
इतना सुनते ही बरखा सिंह बीच में ही बोल पड़ीं और आरोप लगाने लगीं कि ये आम आदमी पार्टी की सदस्या हैं और पार्टी की तरफ से यहां भेजी गई हैं।
ये बात सुनते ही दोनों में बहस शुरू हो गई और प्रेस कांफ्रेंस कुछ देर के लिए बहसबाजी में तब्दील हो गई। बहस के दौरान ही जूही खान उठकर जाने लगीं और ये कहते हुए निकलीं कि वो इस्तीफा दे देंगी।
'जूही को बाधा पहुंचाने के लिए भेजा गया'
अफरा-तफरी और हंगामें के बीच मीडिया के लोग तमाशबीन बने रहे और दोनों सदस्यों के बीच बहस चलती रही। इस ड्रामे का अंत जूही खान के उठकर चले जाने के बाद हुआ।
उनके जाने के बाद प्रेस कांफ्रेंस फिर से शुरू हुई जिसमें बरखा सिंह ने साफ-साफ कहा कि जूही भले ही दिल्ली महिला आयोग की सदस्य हैं लेकिन, वह आप के टिकट से चुनाव लड़ना चाहती थीं और पिछले कुछ महीने से पार्टी से जुड़ी हुई हैं।
बरखा सिंह ने ये भी कहा कि यहां जो भी है वह आयोग के सदस्य के तौर पर काम करता है न कि बीजेपी और कांग्रेस के नेता के तौर पर। उन्होंने जूही खान पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनको यहां प्रेस कांफ्रेंस में बाधा पहुंचाने के लिए भेजा गया था।
इस तरह कुमार विश्वास पर लगे आरोप और उसकी जांच के लिए बुलाई महिला आयोग की प्रेस कांफ्रेंस आपसी राजनीति और सदस्यों के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में तब्दील हो गई।
क्या है मामला
बता दें कि दिल्ली में रहने वाली एक महिला ने आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास से अपने संबंधों को लेकर एक शिकायत दिल्ली महिला आयोग में की थी।
इस मामले में सफाई देने के लिए आयोग ने सोमवार को कुमार विश्वास को महिला आयोग के सामने पेश होने के लिए समन भेजा था।
मंगलवार को पेश न होने पर महिला आयोग ने एक बार फिर कुमार विश्वास और उनकी पत्नी को आयोग के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया है।
इस दौरान दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस में भी कर दी है।