दक्षिण-पश्चिमी जिले के डीसीपी देवेन्द्र आर्या सर्तकता बतरते हुए अपने घर में ही क्वारंटीन हो गए हैं। वह पिकेट चेकिंग के दौरान एएसआई विजेंद्र के संपर्क में आए थे। एएसआई विजेंद्र की कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट रविवार को आई थी। डीसीपी देवेंद्र आर्या के साथ काम करने वाला स्टाफ जो डीसीपी के संपर्क में आया था उन्हें भी क्वारंटीन में भेजा जा रहा है। हालांकि डीसीपी अभी भी जिले का कामकाज देख रहे हैं।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार डीसीपी देवेंद्र आर्या कुछ दिन पहले रिंग रोड पर पिकेट चेकिंग के दौरान एएसआई विजेंद्र के संपर्क में आए थे। एएसआई विजेंद्र एम्स के ट्रामा सेंटर में तैनात थे। ट्रामा सेंटर सफदरजंग एंक्लेव थाना पुलिस में आता है जो दक्षिण पश्चिम जिले में है। विजेंद्र की तबीयत खराब होने पर आठ अप्रैल को क्वारंटीन में भेजा गया था। एएसआई विजेंद्र की कोरोना रिपोर्ट 12 अप्रैल को पॉजिटिव आई थी। विजेंद्र को दिलशाद गार्डन स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डिजिटल ब्रीफिंग होने से कम लोग संपर्क में आए
लॉकडाउन होने के बाद से दिल्ली पुलिस डिजिटल ब्रीफिंग कर रही है। ऐसे में ये अनुमान लगाया जा रहा है कि डीसीपी देवेंद्र आर्या के संपर्क में भी बहुत ही कम पुलिस अफसर व पुलिसकर्मी आए होंगे। हालांकि डीसीपी देवेंद्र आर्या ने सोमवार को भी सभी थानाध्यक्षों की डिजीटल ब्रीफिंग ली थी।