फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेघरों पर टूटा दबंगों का कहर, विरोध में लगाया जाम

Wed, 20 Jan 2016 11:23 PM IST
अमर उजाला, कौशांबी
विज्ञापन
विज्ञापन
जीडीए द्वारा झुग्गियां तोड़ने से बेघर हुए झुग्गीवालों पर बुधवार सुबह भोवापुर गांव के दबंग कहर बनकर टूटे। पिटाई से एक झुग्गीवाले की हालत गंभीर है।
विज्ञापन


बेवजह पिटाई से खफा झुग्गी वालों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लिंक रोड पर जाम लगाकर 2 घंटे तक हंगामा काटा। इस दौरान बच्चों ने वाहनों पर पत्थर बरसाए।

इससे यूपी गेट से मोहन नगर तक यातायात बाधित हो गया। हंगामे की सूचना पर पहुंची चार थानों की पुलिस की भी झुग्गी वालों से नोकझोंक हुई।

पुलिस ने दबंगों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह स्थिति संभाली। दबंगों को शक था कि झुग्गी वालों की वजह से ही उनकी दुकानें टूटी हैं।

बुधवार सुबह 10 बजे करीब 20 युवक हॉकियां लेकर झुग्गी वासियों के पास पहुंचे, उन्हें वहां से जाने के लिए धमकाया। दोनों पक्षों में गर्मागर्मी हुई तो युवक झुग्गी वालों को पीटने लगे।
विज्ञापन


उन्होंने महिलाओं और बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा। अन्य झुग्गी वालों को इकट्ठा होता देख आरोपी भाग गए। करीब आधे घंटे बाद उक्त युवक दोबारा वहां मारपीट की नीयत से लौटे तो झुग्गी वासियों ने हंगामा शुरू कर दिया।

यह देख युवक दोबारा भाग खड़े हुए। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच पिटाई से गंभीर रूप से घायल सुरेश बेहोश होकर नीचे गिर गया। यह देख झुग्गी वालों का पारा चढ़ गया।

सैकड़ों झुग्गी वालों ने नारेबाजी करते हुए लिंक रोड पर होटल रेडिसन और एंजल मॉल के सामने जाम लगा दिया। इस दौरान बच्चों ने पत्थर फेंके, जिनकी चपेट में आने से कई राहगीर बच गए।

झुग्गी वाले दबंगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हंगामा बढ़ता देखकर सीओ समेत थाना इंदिरापुरम, लिंक रोड, खोड़ा और साहिबाबाद थाने की फोर्स मौके पर पहुंची।

सीओ अतुल यादव ने झुग्गी वालों को दबंगों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और घायल सुरेश को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया। झुग्गी वासियों ने छह दबंगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी है।

सीओ अतुल यादव ने बताया कि इंदिरापुरम पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

पुलिस वालों के सामने ही पीटा
झुग्गी वासियों का आरोप है कि थोड़ी ही दूर खड़ी पीसीआर के सामने ही दबंगों ने उन्हें पीटा। आरोप यह भी है कि पुलिसकर्मियों के कहने पर ही उनकी पिटाई की गई।

बचाने की गुहार लगाने पर भी पुलिस कर्मी मूकदर्शक बने रहे। मंगलवार रात भी दबंगों ने उन्हें धमकाया था।

कहीं दुकानें तोड़ने का गुस्सा गरीबों पर तो नहीं उतारा
बताया गया कि दबंगों ने खाली कराई गई जमीन पर 10 अवैध दुकानें बना रखी थीं, जिन्हें मंगलवार को जीडीए ने 300 झुग्गियों के साथ ही वहां हटा दिया था।

माना जा रहा है कि दबंग अपनी दुकानें टूटने का कारण झुग्गी वालों को मान रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें पीटा।

दूसरी रात भी खुले आसमान के नीचे बीती
बेघर झुग्गी वालों ने मंगलवार रात खुले आसमान के नीचे हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच गुजारी थी। बुधवार को भी प्रशासन ने झुग्गी वालों को ठंड से बचाने का कोई इंतजाम नहीं किया।

इस वजह से बुधवार रात भी वह ठंड में ठिठुरते नजर आए। हालांकि बुधवार दोपहर तीन बजे एसडीएम नितिन मदान ने 150 से अधिक कंबल झुग्गी वालों के बीच बंटवाए थे, मगर यह इंतजाम काफी नहीं थे।
विज्ञापन


दबंगों ने आप कार्यकर्ताओं का भी किया विरोध
आप कार्यकर्ता बुधवार सुबह झुग्गी वालों की मदद के लिए पहुंचे थे। कार्यकर्ता लोगों को खाना बांट रहे थे कि कुछ दबंगों ने उन्हें रोक दिया।

विरोध करने पर दबंगों ने कार्यकर्ताओं को भी मारने की धमकी दी। आप के मीडिया प्रभारी मुकेश आनंद का कहना है कि उनके कार्यकर्ताओं को पुलिस के सामने ही धमकाया गया है। पुलिस कार्रवाई करने की बजाए वहां से निकल गई। इसका विरोध आम आदमी पार्टी करेगी।

जीडीए ने बाउंड्रीवाल बनानी शुरू की
जीडीए ने खाली कराई गई चार एकड़ जमीन की बाउंड्रीवाल बनानी शुरू कर दी है। करीब चार दिन में बाउंड्रीवाल का काम पूरा हो जाएगा।

इसके बाद जमीन की नीलामी की जाएगी। अधिशासी अभियंता कप्तान सिंह की निगरानी में यह काम चल रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें