राजधानी में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के कारण तापमान में 27 डिग्री सेल्सियस तक आई गिरावट अगले सप्ताह फिर से बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन उसके बाद लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाय रहे। रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। दिल्ली में रविवार से लेकर सोमवार शाम साढ़े 5 बजे तक 25.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। हालांकि इस बीच उमस का स्तर भी 71 प्रतिशत पर रहा। इस बीच दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में सबसे ज्यादा 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। जाफरपुर में 35 मिमी, पालम व आया नगर में 31 मिमी, लोदी रोड पर 28.6 मिमी और दिल्ली यूनिवर्सिटी में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
सामान्य से अधिक हुई बारिश के कारण दिल्ली के प्रदूषण स्तर में आई गिरावट से दिल्ली का मौसम भी और खुशगवार हो गया है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि कहना है कि अब दिल्ली में तेज बारिश की कोई संभावना नहीं है। मंगलवार को दिल्ली का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद बुधवार को तापमान 32 डिग्री और उसके बाद रविवार तक तापमान बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सयस तक रहने की संभावना है।
सितंबर में सामान्य से 105 प्रतिशत ज्यादा हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों की मानें तो इस साल सितंबर में सामान्य से 105 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। यह भी अनुमान है कि इस माह के अंत तक बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहा तो सितंबर में अधिकतम बारिश का पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड टूट सकता है। पिछले दस सालों में अब तक सितंबर में सबसे ज्यादा बारिश 2010 में 332 मिमी दर्ज हुई थी। जबकि इस वर्ष सितंबर में 224 मिमी बारिश हो चुकी है। सितंबर माह में सामान्य बारिश का आंकड़ा 109 मिमी है । जबकि इस साल सितंबर में हुई बारिश सामान्य से 105 प्रतिशत ज्यादा है।