दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने छतरपुर स्थित शनिधाम के संस्थापक दाती महाराज के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले में बुधवार को शनिधाम की महिला कर्मचारी नीमा जोशी और अभिषेक अग्रवाल नामक व्यक्ति से पूछताछ की। नीमा जोशी ने घटना वाले दिन आश्रम में होने की बात से इनकार किया है।
दूसरी तरफ राजस्थान महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को पत्र भेजकर आश्रम की जांच कराने की मांग की है। आयोग ने जिला कलेक्टर को भी एक कमेटी बनाकर दाती महाराज के आश्रम को लेकर रिपोर्ट मांगी है। अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि शनिधाम की कर्मचारी नीमा जोशी दिल्ली में रहती है।
वह शनिधाम में कई वर्षों से बतौर कर्मचारी काम करती है। पीड़ित युवती ने आरोप लगाया था कि नीमा जोशी भी आरोपी है और वही दाती महाराज के पास उसे लेकर गई थी। नीमा जोशी से बुधवार को डेढ़ घंटे पूछताछ की गई। नीमा ने पूछताछ में बताया कि वह घटना वाले दिन आश्रम में मौजूद नहीं थी।
हालांकि ज्यादातर सवालों के जवाब उसने नहीं दिए और वह चुप रही। पुलिस ने बुधवार को अभिषेक अग्रवाल नामक व्यक्ति से भी पूछताछ की। गौरतलब है कि अभिषेक अग्रवाल ने दाती महाराज पर कई लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस दाती महाराज के खिलाफ सुबूत जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दाती महाराज के खिलाफ कोई सीधा सुबूत नहीं है। ऐसे में पुलिस सबूत जुटाने में लगी हुई है।