मेरठ एक्सप्रेसवे पर यूपी गेट से डासना तक साइकिल ट्रैक बनेगा। इसकी लंबाई 19.3 किलोमीटर होगी। यह एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ होगा। दिल्ली में साइकिल ट्रैक का निर्माण हो चुका है।
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली से डासना तक साइकिल ट्रैक के निर्माण का काम डीपीआर में दिया जा चुका है।
दिल्ली से यूपी गेट के पहले पैकेज के बाद अब यूपी गेट से डासना के दूसरे पैकेज में साइकिल ट्रैक का निर्माण कार्य अक्तूबर से शुरू होगा। इसका काम दिसंबर तक पूरा करने का दावा एनएचएआई के अधिकारी कर रहे हैं।
2.5 मीटर चौड़ा होगा साइकिल ट्रैक
साइकिल ट्रैक की चौड़ाई 2.5 मीटर होगी। यह एक्सप्रेसवे के अंतिम कैरेज-वे के बगल में होगा। इस पर लाल रंग की कंक्रीट होगी, ताकि इसकी पहचान हो सके। इसके ठीक बगल में 2 मीटर चौड़ा फुटपाथ होगा, जो पीले रंग का होगा। फुटपाथ को स्टील की रेलिंग से घेरा जाएगा।
मुख्य कैरेज-वे से 10 इंच ऊपर होगा साइकिल ट्रैक
साइकिल सवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साइकिल ट्रैक को मुख्य कैरेज-वे के 10 इंच ऊपर बनाया जाएगा। इसके बीच में एक कर्व भी बनेगा, ताकि चारपहिया वाहन या साइकिल एक दूसरे के ट्रैक में न जा पाएं। इसके ठीक बगल में 9 इंच ऊपर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ होगा।
एक्सप्रेसवे का 56 प्रतिशत काम पूरा
यूपी गेट से डासना तक मेरठ एक्सप्रेसवे का 56 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अधिकारियों का दावा है कि दिसंबर तक इसका काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां यातायात का संचालन सुचारु रूप से शुरू हो जाएगा।
नोएडा-गाजियाबाद के बीच दो अंडरपास का काम पूरा
नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ने के लिए एनएचएआई सात अंडरपास का निर्माण कर रहा है। इनमें से काला पत्थर और सेक्टर-63 अंडरपास के दोनों बॉक्स का काम पूरा हो चुका है। वहीं, सीईआईएसफ कट और मॉडल टाउन के बीच के अंडरपास का काम भी तुरंत पूरा होगा। सभी अंडरपास अगस्त तक खोल दिए जाएंगे।
यूपी गेट से डासना तक 19.3 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के दोनों ओर साइकिल ट्रैक का निर्माण कार्य अक्तूबर में शुरू होगा। इसका काम दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। वहीं, एक्सप्रेसवे का काम भी इसी माह तक पूरा कर दिया जाएगा।
- आरपी सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई
एक नजर,,,
8.36 किलोमीटर दिल्ली से यूपी गेट तक लंबाई
19.3 किलोमीटर यूपी गेट से डासना तक लंबाई
2.5 मीटर साइकिल ट्रैक की चौड़ाई होगी
2 मीटर होगी साइकिल ट्रैक के बगल में फुटपाथ की चौड़ाई