पीड़ित की पहचान सतीश चंद्र (71) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ शालीमार बाग इलाके में रहते हैं। वह दिल्ली परिवहन निगम में स्टोर कीपर के पद से सेवानिवृत हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 8 अक्तूबर को उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया। उन्होंने मोबाइल को चालू करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। उसके बाद वह टीवी पर हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधान सभा के चुनाव परिणाम संबंधि समाचार देखने लगे।
शाम को उन्होंने एक बार फिर मोबाइल को चालू करने की कोशिश की। मोबाइल चालू हो गया। मोबाइल के चालू होते ही उनके मोबाइल पर दनादन पांच छह मैसेज आए। सभी मैसेज बैंक से आए थे। मैसेज देखने पर पता चला कि उनके बैंक खाते से छह बार में चार लाख रुपये निकले गए हैं।
पीड़ित का आरोप है कि पैसे निकाले जाने को लेकर उनके पास कोई ओटीपी नहीं आया। उनके बैंक खाते से ऑनलाइन पैसे निकाले गए हैं। उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर इसकी शिकायत की। पोर्टल से उत्तर पश्चिम जिला साइबर सेल को शिकायत मिली। उसके बाद साइबर सेल के कर्मियों ने पीड़ित के बयान दर्ज किया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पुलिस तकनीकी जांच कर जालसाजों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस उन बैंक खातों का पता लगा रही है, जिसमें पीड़ित के पैसे ट्रांसफर किए गए हैं।