रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगों ने 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर ली। जम्मू-कश्मीर में आधार कार्ड के जरिये बैंक खाता खुलने और उसमें 70 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन का हवाला देकर ठगों ने 66 वर्षीय पूर्व अधिकारी से अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करा ली। दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने मामले का खुलासा करते हुए लखनऊ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित रक्षा मंत्रालय में सेक्शन ऑफिसर रह चुके हैं। आरोपियों ने पहले फोन कर बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जम्मू-कश्मीर में एक बैंक खाता खोला गया है और उसमें 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है।
इसके बाद ठगों ने खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर पीड़ित को फर्जी आपराधिक मामले में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी दी। लगातार फोन कॉल और गिरफ्तारी के डर से पीड़ित मानसिक दबाव में आ गए। आरोपियों के कहने पर वह बार-बार बैंक गए और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करते रहे। इस तरह उनसे करीब 2.02 करोड़ रुपये ठग लिए गए।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई बैंक खातों के जरिये आगे भेजी गई थी। गिरोह में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले बिचौलिये, खातों का संचालन करने वाले और रकम को आगे पहुंचाने वाले लोग शामिल थे। पुलिस ने वित्तीय लेनदेन की कड़ियां जोड़ते हुए तीन आरोपियों की पहचान की। इनमें मोहम्मद इमरान खान (37) की कंपनी के बैंक खाते में ठगी के 17 लाख रुपये पहुंचे थे।
राम किशोर (28) बैंक खाते उपलब्ध कराने के लिए बिचौलिये की भूमिका निभाता था, जबकि रुपेंद्र प्रताप सिंह (25) खातों का संचालन करने, रकम आगे भेजने और क्रिप्टोकरेंसी (यूएसडीटी) के जरिए कमीशन बांटने में शामिल था। पुलिस ने 28 अप्रैल को लखनऊ में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चार मोबाइल फोन, आठ डेबिट कार्ड और एक चेकबुक बरामद हुई है। इस मामले में 15 जनवरी 2026 को स्पेशल सेल थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की शेष रकम का पता लगाने में जुटी है।