गुरुग्राम के सेक्टर-23 निवासी युवक को ओएलएक्स पर स्कूटी खरीदने के लिए युवक पर विश्वास करना महंगा पड़ गया। शातिर युवक ने खुद को सेना का जवान बताते हुए दिल्ली कैंट से गेट पासिंग के नाम पर 30 हजार की ठगी कर ली, जिसके बाद फर्जी पुलिसकर्मी बनकर कार्रवाई की धमकी दी। पूरे मामले का खुलासा होने के बाद युवक ने रविवार को साइबर थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।
सेक्टर-23 मकान नंबर-3103 निवासी शशांक जैन ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक ओएलएक्स के माध्यम से होंडा एक्टिवा खरीदने के लिए विकास नामक युवक से बातचीत हुई। युवक ने बताया कि वह सेना में जवान है और दिल्ली कैंट में रहता है। फिलहाल उसका स्थानांतरण होने की वजह से स्कूटी 30 हजार रुपये में बेच रहा है। विकास ने पीड़ित को कहा कि वह उसके पेटीएम खाते में 5100 रुपये ट्रांसफर कर दे। वह प्रमिल कुमार के हाथ स्कूटी भेज देगा। युवक ने झांसे में आकर 5100 रुपये ट्रांसफर करते ही उसके पास प्रमिल नामक शख्स का कॉल आया। उसने बताया कि गेट पास के लिए 25000 रुपये ट्रांसफर कर दें। तो युवक ने रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद फिर उसी युवक ने दोबारा कॉल कर शिकायतकर्ता को कहा कि देरी से भुगतान के चलते 15500 रुपये जुर्माना लग गया जिसे वह भुगतान कर दें। युवक के इनकार करने पर आरोपी ने उस पर पुलिस कार्रवाई करने की धमकी दी।
दो दिन पहले युवक के मोबाइल पर किसी शख्स ने कॉल करते हुए कहा कि वह पालम विहार थाना से धनंजय कुमार बोल रहा है उसके खिलाफ सेना के जवान को परेशान करने के लिए पुलिस कार्रवाई के लिए शिकायत आई है। युवक ने जब थाना में जाकर पता किया तो जानकारी मिली कि थाना में इस तरह का कोई व्यक्ति ही नहीं है। धोखाधड़ी का अहसास होने पर रविवार को युवक ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी के मुताबिक शिकायत के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।