नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को सेक्टर-11 स्थित साइबर कैफे में ऑनलाइन सट्टा खेलते नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान दिल्ली के मयूर विहार फेज थ्री निवासी हरीश कुमार, सौरभ, चंद्रभान, तरुण, शैलेंद्र, लकी, सचिन, नवीन और शरीफ के रूप में हुई। इनके पास से 13 कंप्यूटर और 26780 रुपये बरामद किए गए। इनके लिंक कहां तक जुड़े हैं इस संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सेक्टर-11 स्थित साइबर कैफे में छापा मारा। यहां किराए की दुकान में कैफे के नाम पर सट्टा खेला जा रहा था।
पुलिस को देख वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा। इससे पहले भी सेक्टर-12 और सेक्टर-66 में ऑनलाइन सट्टा खिलवाने के आरोप में लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
ऐसे में पुलिस इनके लिंक की तलाश कर रही है, ताकि सट्टा ऑपरेट करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।