डीयू में सांस्कृतिक कार्यक्रम मदारी का आयोजन आज से
- कार्यक्रम में दिखेगी भारतीय कला व संस्कृति की झलक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की आर्ट्स फैकल्टी में डूसू व राष्ट्रीय कला मंच के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार से तीन दिवसीय ‘मदारी’ सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन शुरू होगा। यह आयोजन तीन भागों में विभाजित है, जिसमें प्रथम भाग खिचड़ी में नुक्कड़ नाटक होंगे। द्वितीय भाग ग्राम्या में कला प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं, तृतीय भाग धरोहर में ऐसे छात्रों को मंच पर आने का मौका मिलेगा, जो रचनात्मक प्रतिभा होने के बावजूद भी मौकों की कमी के कारण पीछे रह जाते हैं। यह जानकारी सोमवार को डीयू छात्रसंघ कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान दी गई।
राष्ट्रीय कला मंच के राष्ट्रीय संयोजिका गुंजन ठाकुर ने कहा कि मदारी एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसके द्वारा समाज में बढ़ रही समस्याओं का समाधान नाटकों तथा कला प्रदर्शनियों के माध्यम से ढूंढने में सहायता मिलती है। साथ ही, मदारी एक ऐसा मंच है, जो छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि डीयू में यह मदारी का पांचवां संस्करण है, जिसमें नुक्कड़ नाटक के अंतर्गत लगभग 45 टीमें तथा कला प्रदर्शनी में 60 से अधिक कॉलेजों की टीम सहभागिता कर रही हैं।
इस अवसर पर डूसू सचिव अपराजिता ने कहा कि डूसू और राष्ट्रीय कला मंच द्वारा आयोजित मदारी उत्सव कई मामलों में ऐतिहासिक होने वाला है। प्रतिभाओं का सम्मान और उनको मंच देना प्राथमिकता रही है। अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री ने कहा कि परिषद अपने आयाम राष्ट्रीय कला मंच के माध्यम से निरंतर ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करती रहती है।