दिल्ली के द्वारका जिला के स्पेशल स्टाफ ने नजफगढ़ इलाके में हुई लूटपाट के मामले में एक बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटी गई बाइक, स्कूटी के अलावा अवैध पिस्टल मिली। बदमाश से पूछताछ के बाद टीम ने अलीगढ़ में छापेमारी कर हथियार सप्लाई करने वाले बदमाश को भी दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान दिल्ली के जाफरपुर कलां निवासी राम गोपाल उर्फ भूरा (32) और गांव सेवा नंगला, खैर, अलीगढ़, यूपी निवासी राहुल चौधरी (23) के रूप में हुई है। रामगोपल के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में लूटपाट, चोरी और अवैध हथियार के 11 मामले पहले से दर्ज हैं।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने बताया कि 30 अप्रैल की रात को नजफगढ़ इलाके में बदमाशों ने हथियार दिखाकर एक युवक से उसकी बाइक व कैश लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। लोकल पुलिस के अलावा जिले के स्पेशल स्टाफ को भी जांच में शामिल किया गया। पुलिस की टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के अलावा मुखबिरों को जांच में लगाया गया। इस बीच सूचना के बाद पुलिस की टीम ने सात मई को आरोपी रामगोपाल उर्फ भूरा को सुर्खपुर रोड, नजफगढ़ से दबोच लिया। इसके पास से उसे समय एक पिस्टल, दो कारतूस बरामद हुए।
बाद में इसकी निशानदेही पर पीड़ित की लूटी गई बाइक, एक स्कूटी, एक रिक्शा व गेट बरामद हुआ। रिमांड पर लेकर पुलिस ने आरोपी से हथियार का सोर्स पूछा। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने हथियार अलीगढ़ के राहुल से प्राप्त किया है। एक टीम को अलीगढ़ भेज दिया गया। वहां उससे नकली ग्राहक बनकर हथियारों का सौदा किया गया।
आरोपी के खाते में कुछ रकम भी ट्रांसफर कर दी गई। इस बीच आरोपी टप्पल, अलीगढ़, यूपी के हाइवे पर हथियारों की डिलीवरी देने के लिए आया। उसे दबोच लिया गया। उसके पास से सात पिस्टल बरामद हुई। आरोपी काफी समय से दिल्ली-एनसीआर के अलावा पश्चिम उत्तर-प्रदेश के बदमाशों को हथियार सप्लाई कर रहा है।