प्रेमनगर कालोनी में सोमवार रात तीन बाइकों पर आए आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने फल-सब्जी कारोबारी को गोलियों से भून दिया। मृतक के परिजनों ने घटना के पीछे रुपये के लेने-देन का शक जताते हुए लोनी थाने में एक नामजद समेत आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
राशिद अली गेट जमालपुरा कालोनी में नफीस कुरैशी मंडी में आढ़त का काम करते थे। उनके बेटे शोकयान उर्फ सोनू ने लोनी थाने में दी शिकायत में बताया कि उनके पिता नफीस ने राजा कुरैशी निवासी दो नंबर इलाके को कुछ रुपये उधार दिए थे। उन्होंने कई बार राजा से उधार वापस मांगा था, लेकिन वह पैसे नहीं दे रहा था। सोमवार रात राजा कुरैशी ने उनके पिता को पैसे देने के लिए प्रेमनगर इलाके में बुलाया था।
नफीस अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ प्रेमनगर पहुंचे। कुछ देर बाद तीन बाइकों पर राजा अपने आधा दर्जन हथियार बंद बदमाशों के साथ मौके पर पहुंचा। वहां राजा ने नफीस के साथ गाली-गलौज की। इसका विरोध करने पर राजा ने एक राउंड हवाई फायरिंग की। इस दौरान नफीस के साथ आए लोग आसपास छिप गए।
उसके बाद बदमाशों ने नफीस को गोलियों से भून दिया। उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि झगड़ा से पहले नफीस ने राजा और बदमाशों को कोल्ड ड्रिंक और सिगरेट पिलाई थी।