सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन साइट पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने लूट की कोशिश की। बदमाशों के साइट में घुसने की भनक लगने पर एक गार्ड मौके पर पहुंचा तो बदमाशों ने उसका मुंह बंद कर लिया। गार्ड आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागा तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें गोली के छर्रे गार्ड के हाथ पर लगे।
डायल 100 पर कॉल करने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गार्ड का निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूरजपुर कोतवाली की औद्योगिक पुलिस चौकी क्षेत्र में सेक्टर पाई-1 सेक्टर में कौशल्या वर्ल्ड स्कूल के सामने एक बिल्डर की साइट पर 25 एकड़ भूमि पर निर्माण कार्य चल रहा है। साइट पर बहुमंजिला फ्लैट का निर्माण चल रहा है।
साइट पर 6 गार्ड की तैनाती की गई है। साइट के पीछे की ओर लोहा काटे जाने की आवाज आने पर हापुड़ के बाबूगढ़ छावनी निवासी गार्ड दीपक वहां पड़ताल के लिए पहुंचा। उसने डंडा फटकारते हुए आवाज लगाई तो वहां आवाज आनी बंद हो गई। इसके चलते वह कुछ दूर रुककर स्थिति का जायजा लेने लगा। कुछ देर बाद फिर से लोहा काटने की आवाज आने लगी।
गार्ड ने फिर से डंडा फटकारते हुए आवाज लगाई तो आवाज फिर से बंद हो गई। दीपक फिर से वहां रुककर देखने लगा तभी एक बदमाश ने पीछे से आकर उसका मुंह बंद कर दिया और चुप रहने को कहा। दूसरा बदमाश गोली मारने की धमकी देने लगा। दोनों बदमाशों ने केवल कच्छा पहना हुआ था।
दीपक ने बताया कि उसने बदमाश के पेट में अपनी कोहनी से वार किया और उसके चंगुल से छूटकर भाग लिया। इसी दौरान बदमाशों ने एक के बाद एक दो फायर किए। बदमाशों की फायरिंग में दीपक के हाथ कंधे के पास छर्रे लगे और वह जख्मी हो गया।
दीपक के शोर मचाने पर अन्य गार्ड भी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। डायल 100 पर कॉल कर वारदात की सूचना दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की।
15 दिन पहले हुआ था सरिया चोरी
सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मियों ने बताया कि 25 एकड़ में साइट फैली हुई है। इसके बावजूद साइट पर प्रकाश की व्यवस्था नहीं है और केवल 6 गार्ड सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। इसके चलते 15 दिन पहले भी यहां से सरिया चोरी हुआ था। वहीं, सूरजपुर कोतवाली प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि इस मामले में लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।