मोबाइल लुटेरे मुठभेड़ में गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली से आकर नोएडा में मोबाइल लूटने वाले दो बदमाशों से पुलिस की शनिवार सुबह सेक्टर-62 के डी पार्क में मुठभेड़ हो गई। दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों से दो मोबाइल व दो तमंचे बरामद किए गए हैं। बदमाशों ने कई वारदात कबूली हैं।
एडीसीपी रणविजय सिंह के अनुसार, शुक्रवार शाम को खोड़ा निवासी दिनेश कुमार पैदल घर जा रहे थे। जब वह डी पार्क के पास पहुंचे तो बाइक सवार बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया। शनिवार सुबह सेक्टर-62 की एक सोसाइटी निवासी वीके लाल दोस्त के साथ डी पार्क के पास टहल रहे थे। उसी समय बाइक सवार बदमाश फिर आए और मोबाइल लूटने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों के हाथ लीड ही आई। लोगों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया तो बदमाश बाइक छोड़कर पार्क में घुस गए।
इसकी सूचना पास में गश्त कर रहे पीसीआर कर्मियों को लगी तो उन्होंने वायरलेस पर सूचना दे दी। एसीपी रजनीश कुमार व सेक्टर-58 थानाध्यक्ष अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पार्क में घेर लिया। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाकर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। आरोपियों की पहचान कल्याणपुरी, दिल्ली निवासी अजय और विवेक उर्फ राजेंद्र के रूप में हुई। अजय पर हत्या और लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
वारदात कर खोड़ा में दोस्त के कमरे पर छिप जाते थे
दोनों बदमाश दोस्त से मिलने के बहाने नोएडा आते थे और लूटपाट करके खोड़ा निवासी दोस्त के पास जाकर छिप जाते थे। बदमाशों के दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे इसकी जानकारी ही नहीं थी कि वह लूटपाट करके आते हैं।