ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। आरोपी एनडीपीएस एक्ट में वांछित चल रहा था।
सूरजपुर कोतवाली पुलिस और बदमाश के बीच रविवार को मोजर बीयर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया।
विज्ञापन
एडिशनल डीसीपी हृदेश कठेरिया के अनुसार पुलिस टीम सर्विस रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो युवक बाइक मोड़कर रेलवे लाइन के किनारे कच्चे रास्ते से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश ने खुद को घिरता देख झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान दक्षिणी दिनाजपुर बंगाल के रिपन दास (30) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में निठारी सेक्टर–31 नोएडा में रह रहा था। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा और घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक (बिना नंबर प्लेट) बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट में वांछित चल रहा था।