झपटमारी की घटना के आठ दिन बाद जिस बदमाश को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पकड़ा था वह महज 17 घंटे बाद पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हिरासत में पुलिस बदमाश से पूछताछ कर रही थी। अब पुलिस ने बदमाश पर हिरासत से भागने का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक भागने वाले बदमाश की पहचान जीवन पार्क निवासी रोहित उर्फ गलवा (21) के रूप में हुई है। बीते 17 अगस्त को बदमाशों ने लिबासपुर निवासी पुरुषोत्तम से उसका मोबाइल छीन लिया था। पीड़ित ने बहादुरी दिखाते हुए एक बदमाश को दबोच लिया जबकि दूसरा मोबाइल लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि जिस बदमाश को पकड़ा गया है वह नाबालिग है।
नाबालिग से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि भागने वाला बदमाश रोहित है। पुलिस ने नाबालिग को जुबनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस वारदात में शामिल रोहित की तलाश शुरू की। 25 अगस्त को पुलिस को रोहित के इलाके में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस ने शाम पांच बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
हवलदार प्रदीप उसे लेकर थाने आया और एएसआई राजवीर को सारी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में रखकर पूछताछ करने लगी। रात में उसे हवालात में बंद कर दिया गया। अगले दिन जांच अधिकारी उसे पूछताछ के लिए कमरे में लाए।
जांच अधिकारी किसी काम से कमरे से बाहर निकले। इसी दौरान मौका देखकर रोहित वहां से फरार हो गया। काफी तलाश के बाद बदमाश के नहीं मिलने पर हवलदार प्रदीप की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया। अभी तक फरार बदमाश का सुराग नहीं मिला है।