आरोपी से चोरी की स्कूटी, चाकू और चार मोबाइल फोन बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। आदर्श नगर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले बदमाश शिवम उर्फ कार्तिक (25), निवासी नरेला, को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी, एक चाकू, तीन छीने गए मोबाइल और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
उत्तर पश्चिम जिले के डीसीपी भीष्म सिंह के अनुसार, 25 नवंबर को मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध हालत में एक स्कूटी सवार युवक को रुकने का इशारा किया। वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास चाकू मिला और स्कूटी भी चोरी की पाई गई। डिग्गी से चार मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में शिवम ने खुलासा किया कि वह शराब पीने के लिए पैसे जुटाने को लूटपाट करता था। उसकी गिरफ्तारी से चार अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है।