पुलिस ने साथी को भी दबोचा, गुजरात, हरियाणा और राजस्थान के प्रमुख विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े हैं दोनों
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुजरात, हरियाणा और राजस्थान के प्रमुख विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े दो गुर्गों आकाश राजपूत व महिपाल मीणा को दिल्ली के कापसहेड़ा में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आकाश राजपूत गुजरात के एक सनसनीखेज 100 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में वांछित है। उस पर राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक अन्य आपराधिक मामले में इनाम रखा हुआ था। दोनों ही बदमाश हरियाणा के करनाल स्थित एक अस्पताल में फिरौती के लिए अंधाधुंध गोलीबारी की घटना में शामिल थे।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि दोनों बदमाश खुफिया एजेंसियों के रडार पर तब आए थे जब उन्हें पता चला कि श्रीगंगानगर के वांछित अपराधी जगदीश उर्फ जगला और अभिषेक उर्फ गोलू के गिरोह ने भगोड़े गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके गिरोह के साथ गठजोड़ कर लिया है।
पुलिस को जांच में पता लगा कि रोहित गोदारा दिल्ली-एनसीआर में अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इस सहयोगी गिरोह के संसाधनों का इस्तेमाल करेगा।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच में आगे पता लगा कि जगदीश उर्फ जगला अभिषेक उर्फ गोलू गिरोह के दो अपराधी दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।
पुलिस को जानकारी मिली कि 2-3 अक्तूबर, 2025 की रात दोनों बदमाश नजफगढ़ कपासहेड़ा रोड स्थित लिंक रोड होते हुए गुरुग्राम आएंगे। पुलिस टीम ने लिंक रोड पर घेराबंदी की और शुक्रवार तड़के टीम ने बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों को दबोचा। हालांकि पहले ही पीछे बैठा सवार राजस्थान निवासी आकाश राजपूत कूद गया और उसने पुलिस टीम पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। टीम ने भी गोली चलाई। एक गोली इस बदमाश के पैर में लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोटरसाइकिल चला रहे बदमाश बदमाश भरतपुर, राजस्थान निवासी महिपाल मीणा को मौके से पकड़ लिया गया।
आकाश के खिलाफ दर्ज हैं चार मामले
आकाश राजपूत राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में फिरौती के लिए गोलीबारी, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत अपराधों सहित कई गिरोह-संबंधी गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ हाल में चार मामले दर्ज हुए हैं। महिपाल मीणा (28) आकाश राजपूत का सक्रिय अपराध साथी है और दोनों मिलकर करनाल, हरियाणा के एक अस्पताल में फिरौती के लिए गोलीबारी की घटना में शामिल थे। वह इस मामले में जमानत पर है।