गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों द्वारा एक युवक को गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। गांव धनकोट से चन्दू वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की तरफ जाने वाले नहर के रास्त की तरफ एक सेंट्रो कार में युवक का शव मिला।
जब लोगों की नजर पड़ी, तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान गांव दौलताबाद निवासी 24 वर्षीय सचिन के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक एक सेंट्रो कार में एक व्यक्ति पहली सीट पर औंधे मुंह पड़ा था। जिसके सिर में गोलियां लगी हुई थी और सिर पर व सीट पर काफी खुन लगा हुआ था। गोली पीछे से लगी हुई थी।
पुलिस द्वारा सेंट्रो कार को चेक किया गया तो गाड़ी से एक जिंदा कारतूस व दो अदद खाली खोल बरामद हुए। जिनको पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। गाड़ी से फिंगर प्रिंट के साथ खून के सैंपल भी लिए।
मृतक के भाई की लिखित दरखास्त पर थाना राजेंद्रा पार्क में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि जल्द से जल्द हत्या का मामला सुलझाया जाएगा। हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान के लिए काम किया जा रहा है।