दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तीन युवकों ने चाकुओं से गोदकर एसी मैकेनिक अमृतपाल (22) की हत्या कर दी। बुधवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों-सुदामा, सरबजीत और जसपाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि विवाद अमृतपाल द्वारा आरोपियों के दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ करने से शुरू हुआ था। पुलिस के मुताबिक संत नगर निवासी अमृतपाल मंगलवार रात काम के बाद घर लौट रहा था। इस दौरान तिलक नगर इलाके के शाहपुर में सुदामा, सरबजीत और जसपाल ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अमृतपाल को डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे सफदरजंग रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई।