ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के झांडे बाबा मंदिर के पास नाले से सोमवार सुबह एक युवक का शव सड़ी हालत में बरामद किया गया। शव को भारी भरकम पत्थर से दबाया गया था।
आशंका जताई गई है कि हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंका गया, जो पानी में फूलने के बाद उतराने लगा। अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।
सोमवार सुबह मजदूरों ने तुगलपुर स्थित झांडे बाबा मंदिर के पास नाले में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। शव में कीडे़ पड़ गए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि युवक की उम्र करीब 33 साल है।
उसके हाथ पर मां और दिल की आकृति में एमके गुदा है। शरीर पर चोट के कई निशान मिले। हालांकि घाव गोली का है या फिर धारदार हथियार का, इस बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
दो ट्रकों की टक्कर में चालक की मौत
ग्रेनो कोतवाली क्षेत्र के बादौली गांव के पास रविवार रात नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर खराब खडे़ एक ट्रक में दूूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बदायूं निवासी नन्हे ट्रक लेकर नोएडा से ग्रेटर नोएडा आ रहा था। इस दौरान करीब डेढ़ बजे बादौली के पास खराब खडे़ ट्रक में उसने पीछ से टक्कर मार दी।
हादसे में नन्हे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से ट्रक की बॉडी में फंसे शव को निकाल पाई। थाना प्रभारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चालक को नींद आने से हादसा हुआ। मामले की जांच की जा रही है।