विशिष्ट लोगों की कॉल डिटेल व लोकेशन अवैध रूप से बाहर देने के मामले में गिरफ्तार हरियाणा पुलिस के आईटी इंजीनियर प्रदीप बूरा ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
इससे महाराष्ट्र व हरियाणा पुलिस की नींद उड़ गई है। प्रदीप किसी जमाने में प्रदेश के एक राजनीतिक परिवार के करीबी रहने वाले अजय नवनदार को वाट्सऐप पर लोगों के मोबाइल नंबरों से जुड़ी गोपनीय जानकारी देता था।
बताया गया है कि नवनदार अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील, फिल्मी दुनिया की कई हस्तियों के अलावा कई नेताओं का करीबी है। दस साल से हरियाणा पुलिस में आईटी इंजीनियर के पद पर काम करने वाले प्रदीप बूरा ने सीआईए पुलिस को बताया कि वह मुंबई के अजय नवनदार के लिए काम करता था।
अजय नवनदार का नाम सामने आने के बाद पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है। बताया गया है कि कि फिल्म अभिनेता आदित्य पंचोली का करीबी दोस्त नवनदार की एक जमाने में हरियाणा सरकार में काफी हनक हुआ करती थी।
मुख्यमंत्री का छोटा बेटा उसका दोस्त हुआ करता था, जिसे वह मुंबई की सैर कराता था। सत्ता के गलियारों के अलावा मॉडल व अभिनेत्रियों से दोस्ती कराना उसका मुख्य काम था। अजय नवनदार का प्रोफाइल जानने के बाद गुड़गांव पुलिस की जांच और तेज हो गई है।