गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात पानी को लेकर हुए झगड़े में एक महिला की हत्या कर दी गई।
पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुख्य आरोपी समेत दो की तलाश कर रही है।
दक्षिण पूर्व जिला पुलिस के अनुसार गोविंदपुरी के ट्रांजिस्ट कैंप स्थित चार मंजिला मकान ए-692 के ग्राउंड फ्लोर पर गोविंदा और पहली मंजिल पर सुचिता प्रमाणिक परिवार के साथ रहती है। बताया गया है कि यहां हर परिवार अपनी बारी के हिसाब से हर रात पानी भरता है।
यह भी पढ़ें: 'महीना मांगने' वाला हरियाणा पुलिस का एएसआई अरेस्ट
बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे सुचिता पानी भर रही थी, तभी गोविंदा पानी भरने के लिए आ गया। आरोप है कि जब सुचिता ने अपनी बारी का हवाला दिया तो गोविंदा झगड़ा करने लगा। देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
इस बीच सुचिता की मां आराधना (48) बीच बचाव करने लगी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गई। आराधना को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या के आरोप में गोविंदा की पत्नी लक्ष्मी, संदीप विश्वास और वजीर उर्फ अधीर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि आराधना सुचिता की बीमार बेटी को देखने के लिए आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पानी को लेकर ट्रांजिस्ट कैंप में पूरी रात हंगामा होता रहा।